13 साल से फरार अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

सतना में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 13 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने मैहर से गिरफ्तार किया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

13 साल से फरार अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

सतना। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 13 साल से फरार चल रहे आरोपी को सतना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को मैहर कस्बे से गिरफ्तार किया है।

2013 में नाबालिग को घर से ले जाने का मामला

टीआई कोलगवां सुदीप सोनी के मुताबिक, 8 नवंबर 2013 को एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अर्जुन केवट और करन केवट घर का दरवाजा खुलवाकर उसकी नाबालिग बेटी को जबरन अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की थी।

2 फरवरी 2014 को नाबालिग सतना पहुंची और कोलगवां थाने में पुलिस को बयान दिया। उसने बताया कि अर्जुन केवट और करन केवट उसे घर से ले गए थे। इसके बाद कल्ली केवट, भिल्ली केवट, गगन और अन्य लोगों की मदद से उसे सूरत ले जाया गया।

सूरत में किराए के कमरे में रखा

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने अपने बयान में बताया था कि सूरत में अर्जुन केवट ने उसे किराए के कमरे में रखा और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। 30 जनवरी 2014 को जब घर में कोई नहीं था, तब वह वहां से निकलकर स्टेशन पहुंची और ट्रेन से सतना आ गई।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही कल्ली उर्फ निर्मला केवट और करन केवट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मुख्य आरोपी अर्जुन केवट घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

मैहर में दबिश देकर पकड़ा

पुलिस को आरोपी के मैहर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मैहर कस्बे में दबिश देकर अर्जुन केवट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अर्जुन केवट पिता स्व. रामकृष्ण केवट, उम्र 34 वर्ष, निवासी कृष्णगढ़ थाना रामपुर बघेलान, हाल निवासी करियापानी में किराए का मकान, थाना मैहर कोतवाली के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।