CM डॉ. मोहन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री द्वारका प्रसाद मिश्र की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

विधानसभा के सेंट्रल हॉल में याद किए गए स्व. द्वारका प्रसाद मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया नमन

CM डॉ. मोहन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री द्वारका प्रसाद मिश्र की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में 5 अगस्त बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, प्रख्यात साहित्यकार और स्वतंत्रता सेनानी स्व. द्वारका प्रसाद मिश्र की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने द्वारका प्रसाद मिश्र के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और मध्य प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे एक कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखते थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि द्वारका प्रसाद मिश्र का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक रहा है। उनके विचार और कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने प्रदेश के विकास और सार्वजनिक जीवन में जो योगदान दिया, उसे सदैव याद रखा जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि द्वारका प्रसाद मिश्र ने राजनीति, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने स्व. द्वारका प्रसाद मिश्र के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।