चंडीगढ़ में BJP हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट, CCTV में ग्रेनेड फेंकता दिखा संदिग्ध

चंडीगढ़ में BJP के पंजाब मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। CCTV वीडियो में एक शख्स ग्रेनेड फेंकता नजर आया, जबकि एक खालिस्तानी संगठन से जुड़े होने का दावा भी सामने आया है।

चंडीगढ़ में BJP हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट, CCTV में ग्रेनेड फेंकता दिखा संदिग्ध

चंडीगढ़ में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सेक्टर-37 स्थित BJP के पंजाब मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका हुआ। शाम करीब 5 बजे हुए इस ब्लास्ट के बाद इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की वजह से पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, वहीं कार्यालय की दीवार पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान भी पाए गए हैं।

घटना के बाद एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे फेंकता हुआ और फिर मौके से भागता नजर आ रहा है। वीडियो में धमाके की आवाज भी साफ सुनाई देती है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। चंडीगढ़ पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी और भारतीय सेना के जवान भी जांच में जुटे हैं। बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमों ने पूरे इलाके की सघन तलाशी ली और विस्फोटक के अवशेषों को जांच के लिए एकत्र किया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज में दो संदिग्ध भी नजर आए हैं, जो बाइक पर कार्यालय के आसपास घूमते दिखाई दिए। पुलिस इनकी पहचान और तलाश में जुटी है। वहीं पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) भी जांच में शामिल हो गई है।