Terrorist Yasir Killed : पुंछ अटैक में शामिल पाकिस्तानी आतंकी ढेर, एयरफोर्स के काफिले पर की थी फायरिंग
Terrorist Yasir Killed : बडगाम मुठभेड़ में मारे गए आतंकी की पहचान हो गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि, मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी यासिर उर्फ अबु तल्हा था।
Terrorist Yasir Killed : नेशनल डेस्क। जम्मू कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़ के दौरान मारे गए आतंकी की पहचान हो गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मारा गया आतंकी यासिर उर्फ अबु तल्हा था। वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यासिर लंबे समय से घाटी में सक्रिय था और कई आतंकी घटनाओं से उसका संबंध सामने आया था।
2024 में IAF काफिले पर हमले का आरोप
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यासिर मई 2024 में पुंछ में भारतीय वायुसेना के काफिले पर हुए हमले में शामिल था। 4 मई 2024 को सुरनकोट इलाके में आतंकियों ने IAF काफिले पर फायरिंग की थी। इस हमले में कॉर्पोरल विक्की पहाड़े शहीद हुए थे, जबकि चार जवान घायल हुए थे। एजेंसियां यासिर की भूमिका को इस मामले की जांच से जोड़ती रही हैं।

2023 के डेरा की गली हमले से भी कनेक्शन
यासिर का नाम दिसंबर 2023 में पुंछ के डेरा की गली में हुए आतंकी हमले से भी जोड़ा गया है। 21 दिसंबर को आतंकियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में चार जवान शहीद हुए थे। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यासिर उस नेटवर्क का हिस्सा था, जिसकी गतिविधियां जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सामने आती रही हैं।
चार आतंकियों के ग्रुप में अब एक फरार
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यासिर 2022 से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय चार सदस्यीय लश्कर समूह का हिस्सा था। इस समूह में जुनैद रमजान, सुलेमान, यासिर और हाशिम मूसा शामिल बताए गए थे। जुनैद रमजान और सुलेमान के मारे जाने के बाद अब यासिर भी मारा जा चुका है। एजेंसियों के मुताबिक, इस समूह का हाशिम मूसा फिलहाल फरार है।
पहलगाम हमले की जांच में भी नाम सामने आया
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यासिर और हाशिम मूसा का नाम पहलगाम आतंकी हमले की जांच से भी जुड़ा है। एजेंसियों को एक पुराने आतंकी के मोबाइल फोन से चार आतंकियों की तस्वीर मिली थी। इस तस्वीर में यासिर समेत अन्य आतंकी नजर आए थे। इसी तस्वीर के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों को इस समूह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गई है।
अशदार जंगलों में शुरू हुआ था ऑपरेशन
सुरक्षाबलों को आतंकियों के एक संदिग्ध समूह के पाखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की तरफ बढ़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने बडगाम के अशदार गली इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। इसी ऑपरेशन के दौरान यासिर को मार गिराया गया। इलाके में सुरक्षा अभियान जारी रहने की जानकारी सामने आई है।

