Share Market Today : रक्षाबंधन के दिन तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 200 से अधिक अंक चढ़ा
Share Market Today : सेंसेक्स में शामिल टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।
Share Market Today : मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को तेजी के साथ कारोबार शुरू हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त में खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स करीब 77,128 अंक पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी की शुरुआत 24,122.60 अंक पर हुई। शुरुआती कारोबार में निफ्टी करीब 34 अंक की बढ़त के साथ 24,125 के आसपास कारोबार करता दिखा। सेंसेक्स भी 200 से ज्यादा अंक चढ़कर 77,150 के आसपास पहुंच गया। रक्षाबंधन के बाद खुले बाजार में शुरुआती खरीदारी देखने को मिली।
IT शेयरों में जोरदार तेजी
शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स में शामिल टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।
इसके अलावा इटरनल, टाटा स्टील, टाइटन, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी बढ़त रही। हालांकि, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव देखने को मिला।
गुरुवार को बाजार में हुई थी भारी बिकवाली
इससे पहले गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुआ था। वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों की समाप्ति के दिन अंतिम घंटे में तेज बिकवाली हुई। सेंसेक्स 539.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत गिरकर 76,933.59 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,090.85 अंक पर रहा।
HDFC Bank के शेयर में दबाव
गुरुवार को सेंसेक्स में शामिल एचडीएफसी बैंक का शेयर सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में रहा। अमेरिकी अदालत में सामूहिक मुकदमा दायर किए जाने की खबर के बाद बैंक के शेयर में 2.08 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स में ज्यादा भार रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी करीब एक प्रतिशत की गिरावट आई।
इसके अलावा एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक और आईटीसी के शेयरों में भी बिकवाली रही। शुक्रवार को बाजार की शुरुआती तेजी के बीच निवेशकों की नजर आगे के कारोबार पर बनी हुई है।

