जंतर-मंतर मारपीट मामला: स्वतंत्र भारद्वाज बुलंदशहर से गिरफ्तार, कोर्ट ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

जंतर-मंतर मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है. कोर्ट ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. मामले में SC/ST एक्ट और POCSO की धाराएं भी जोड़ी गई हैं.

जंतर-मंतर मारपीट मामला: स्वतंत्र भारद्वाज बुलंदशहर से गिरफ्तार, कोर्ट ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के पिता से मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में संबंधित जज के आवास पर पेश किया गया, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

वायरल पॉडकास्ट के बाद बढ़ा विवाद

मामला उस समय सुर्खियों में आया जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें उसने कथित तौर पर जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता पर हमला करने की बात कही थी। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई थी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान शिकायतकर्ता अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे वह मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक से उनका विवाद हुआ।

आरोप है कि इसके बाद 2-3 युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर भी हमला किया गया। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए गए थे।

FIR में SC/ST एक्ट और POCSO की धाराएं

प्रदर्शन के बाद स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज मामले में SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। इसके अलावा उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत भी FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने पहुंचे समर्थक

स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थन में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर जुटे। समर्थकों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया और कहा कि स्वतंत्र के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

समर्थकों ने पुलिस से नाबालिग छात्रा और उसके पिता के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की।

स्वतंत्र भारद्वाज ने क्या कहा था?

वायरल वीडियो को लेकर स्वतंत्र भारद्वाज ने पहले इसे फर्जी बताया था और दावा किया था कि उसने कथित मारपीट आत्मरक्षा में की थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो समेत मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। जंतर-मंतर मारपीट केस में स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, बुलंदशहर से पकड़ा गया; 1 दिन की पुलिस रिमांड