राऊ में 21 वर्षीय महिला की हत्या का चंद घंटों में खुलासा, जेठानी गिरफ्तार
भाई पर टिप्पणी से भड़की जेठानी, चाकू से हत्या कर शव पानी के हौज में फेंका
इंदौर में 21 साल की महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मृतका की जेठानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पानी के हौज में शव मिलने से सनसनी फैली
दरअसल, राऊ थाना क्षेत्र के न्यू नेहरू नगर में एक बंद मकान के पानी के हौज में 21 वर्षीय वंदना का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मृतका की जेठानी पार्वती, पति भूपेंद्र पटेल, संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकलती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने उसे अरबिंदो अस्पताल से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका द्वारा अपनी जेठानी पार्वती के भाई को लेकर की गई टिप्पणी से दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से वंदना की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पानी के हौज में डाल दिया।
हत्या में इस्तमाल चाकू भी बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तमाल चाकू भी बरामद कर लिया। राऊ थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस पूरे मामले के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अहम भूमिका निभाई।
Varsha Shrivastava 
