Rewa Double Murder : रीवा में डबल मर्डर से फैली सनसनी,पति ने पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट
Rewa Double Murder : मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Rewa Double Murder : मध्य प्रदेश। रीवा में जन्माष्टमी पर डबल मर्डर (Rewa Double Murder) से सनसनी फैल गई है। बिछिया थाना क्षेत्र के कोठी गांव में देर रात एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर में रखे मूसर से दोनों पर हमला किया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल (Sanjay Gandhi Hospital) भेजा।

सुबह खून से लथपथ मिले मां-बेटी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले अपने भाई को फोन कर हत्या की जानकारी दी थी। हालांकि, भाई ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और मजाक समझा। सुबह जब घर की स्थिति सामने आई तो मां और बेटी के शव खून से लथपथ मिले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का परिजनों का दावा
परिजनों का कहना है कि आरोपी रविशंकर की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। उनके मुताबिक, वह आए दिन घर में विवाद करता था। परिवार का दावा है कि इसी दौरान देर रात उसने पत्नी और बेटी पर मूसर से हमला कर दिया। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

परिवार में 6 बेटियां
परिजनों के मुताबिक, आरोपी की छह बेटियां हैं। इनमें से चार की शादी हो चुकी है। एक बेटी इंदौर में पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी बेटी माता-पिता के साथ रह रही थी। इसी बेटी की भी हत्या होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

डिप्रेशन से जूझ रहा था आरोपी
थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया, आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी ने हाल ही में जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री से मिले पैसों में कुछ लेन-देन बाकी था, जिसे लेकर वह परेशान रहता था। डिप्रेशन से जूझ रहा था। इसी के बीच उसने वारदात को अंजाम दिया। मामले में आगे की स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

