CG Teachers Award : दुर्ग की प्रज्ञा टीचर ने मैथ्स को बनाया रोचक, शिक्षक दिवस 2026 पर CM ने दिया स्मृति पुरस्कार
CG Teachers Award 2026 : रायपुर के छत्तीसगढ़ मंडपम में राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में शिक्षकों को सम्मानित किया।
CG Teachers Award 2026 : रायपुर। शिक्षक दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के 63 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले चार शिक्षकों को अलग-अलग स्मृति पुरस्कार दिए गए। सम्मान समारोह रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में शिक्षकों को सम्मानित किया।
चार शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार
खैरागढ़ के राजेश कुमार प्रजापति को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार मिला। कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार दिया गया। दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह को डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार और सारंगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति सम्मान से नवाजा गया।

प्रज्ञा ने मैथ्स को बनाया आसान
दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह ने गणित की पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने के लिए नए तरीके अपनाए। उन्होंने मैथ्स लैब, स्मार्ट क्लास और मैथ्स पार्क जैसी सुविधाएं विकसित कीं। अतिरिक्त कक्षाओं के जरिए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया। शिक्षा के साथ लेखन, बालिका शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में भी योगदान दिया।

राजेश ने नवाचार से बदली पढ़ाई
खैरागढ़ के राजेश कुमार प्रजापति को शिक्षा में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए सम्मान मिला। उन्होंने खेल-खेल में पढ़ाई, स्मार्ट क्लास और ऑनलाइन शिक्षा जैसे प्रयोग किए। बाल-संसद और पर्यावरण गतिविधियों के जरिए बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित की। कला, योग और खेल जैसी गतिविधियों को भी पढ़ाई से जोड़ा।

प्रियंका ने डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया
सारंगढ़ की प्रियंका गोस्वामी ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान दिया। उन्होंने डिजिटल एजुकेशन के साथ खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। गरीब और जरूरतमंद बच्चों को सीखने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी काम किया। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए कई गतिविधियां कराईं।

कई जिलों से चुने गए शिक्षक
राज्य शिक्षक सम्मान के लिए रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत कई जिलों से शिक्षकों का चयन हुआ। सम्मान पाने वालों में प्राचार्य, हेड मास्टर, लेक्चरर और सहायक शिक्षक शामिल रहे।

क्या है स्मृति पुरस्कार?
छत्तीसगढ़ सरकार हर साल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले चार शिक्षकों को राज्य स्मृति पुरस्कार देती है। ये पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में दिए जाते हैं। चयनित शिक्षकों को 50-50 हजार रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

छत्तीसगढ़ के ये शिक्षक हुए सम्मानित
रायपुर: महेन्द्र कुमार पटेल, भास्ती अग्रवाल
धमतरीः रजिता साहू, लीलाराम साहू
सारंगढ़-बिलाईगढ़ः हेमंत कुमार श्रीवास, सरिता सिदार
राजनांदगांवः थंगेश्वर कुमार, कोनिका सोनी
दंतेवाड़ा: कैलाश कुमार नीलम, सुमन चौधरी
कबीरधामः चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी, संतोष कुमार साहू
सरगुजाः अजय कुमार कश्यप, रेखा रॉय
नारायणपुरः विरेन्द्र कुमार निषाद
जशपुरः संतोषी डनसेना, रवि कुमार गुप्ता
कोरियाः जया मिश्रा, पूनम पाण्डेय
मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरीः सुजीत कुमार साहू
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: मोहन लाल जंघेल, पदमा साहू
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: भजन लाल साहू, योगेन्द्र कुमार देवांगन
बलरामपुर-रामानुजगंजः संजय कुमार श्रीवास्तव, अमृता निकुंज
दुर्गः कुमुद साहू, पवन कुमार सिंह
कोरबाः कौशिल्या खुराना, जितेन्द्र कुमार साहू
सूरजपुरः गोपाल सिंह, योगेश कुमार साहू
बलौदाबाजार-भाटापाराः कन्हैया लाल साहू, विशेश्वर साहू
मुंगेली: रघुनाथ राठौर, वंदिता शर्मा
कोंडागांव: हीरा लाल चुरेन्द्र, सूरज लाल नेताम
रायगढ़ः आरती साहू, ओमकुमारी पटेल
सुकमा: परिणीता कश्यप, सविता उसेंडी
गरियाबंदः ओमेश्वरी साहू, अनिल कुमार अवस्थी
सक्तीः छवि लाल राठौर, पिललाल पटेल
बालोदः नेमसिंह साहू, खेमंत कुमार साहू
जांजगीर-चांपाः गुलजार बरेठ, अंजू किरण
बेमेतराः शीतल बेंस, आंचल वर्मा
महासमुंदः नीलाम्बर नायक, लक्ष्मण दास मानिकपुरी
बिलासपुरः जय कुमार कौशिक, प्रवीण मिश्रा
बस्तरः बुधराम कश्यप, कामेश्वरी कश्यप
कांकेर: प्रेमप्रकाश साहू, बोधन लाल साहू
गौरेला-पेंड्रा-मरवाहीः धर्मेन्द्र कुमार कैवर्त्य, शिव नारायण सिंह
बीजापुरः अनिल कुमार जाटव, केदार नाथ देशमुख

