बालाघाट के कुण्डेकसा-बोनदारी पहुंचे कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष, महामारी से बच्चों को खोने वाले परिवारों से मिले
बालाघाट के कुण्डेकसा और बोनदारी में महामारी से बच्चों को खोने वाले परिवारों से कांग्रेस नेताओं ने मुलाकात की। अस्पताल में भर्ती बच्चों का हाल जाना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठाई।
बालाघाट। जिले के ग्राम कुण्डेकसा और बोनदारी में महामारी से मासूम बच्चों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों से कांग्रेस नेताओं ने मुलाकात की. नेताओं ने परिजनों का दुख साझा किया और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में भर्ती बच्चों का भी हाल जाना और उनके इलाज की स्थिति की जानकारी ली. परिवारों से मुलाकात के दौरान बच्चों की मौत और क्षेत्र में बीमारी के हालात को लेकर भी जानकारी ली गई.

स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था पर उठाई आवाज
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और बीमार बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को मजबूत किए जाने की जरूरत है.

नेताओं ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी. सरकार को प्रभावित गांवों में बीमारी के कारणों की गंभीरता से जांच कराने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों की मदद और बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए.

कई विधायक रहे मौजूद
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान विधायक संजय उईके, मधु भगत, विधायक अनुभा मुंजारे और विवेक विक्की पटेल भी मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और क्षेत्र में स्वास्थ्य, पोषण तथा स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था के लिए आवाज उठाने की बात कही.

