अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी के घर मिला संदूक, जांच के लिए मिला SIT को 15 दिन और मिले

राम मंदिर ट्रस्ट फंड गड़बड़ी मामले में जांच तेज, रामराज्य कोष लिखा संदूक और 14 लाख की बरामदगी, SIT को जांच पूरी करने के लिए मिला 15 दिन का अतिरिक्त समय

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी के घर मिला संदूक, जांच के लिए मिला SIT को 15 दिन और मिले

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अयोध्या स्थित आरोपी अविनाश शुक्ला के योग केंद्र से एक संदूक बरामद किया गया है, जिस पर लाल रंग से ‘रामराज्य कोष’ लिखा हुआ था। संदूक पर पेटीएम का QR कोड भी लगा मिला है। यह बरामदगी 28 जून को की गई छापेमारी के दौरान हुई थी, जिसका वीडियो बुधवार सुबह सार्वजनिक हुआ। मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है।

SIT पूछताछ और आरोपियों से सवाल-जवाब

फैजाबाद जेल में बंद सभी आठ आरोपियों से मंगलवार को पुलिस ने विस्तृत पूछताछ की। सबसे लंबी पूछताछ आरोपी अविनाश शुक्ला से हुई, जो करीब दो घंटे चली। पूछताछ के दौरान 5 जून को उसके घर से बरामद 14 लाख रुपये नकद और गहनों को लेकर सवाल किए गए। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धनराशि कहां से आई और चढ़ावे से इसका क्या संबंध है।

राम मंदिर परिसर की सुरक्षा पर सवाल

जांच का दायरा अब राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तक भी पहुंच गया है। परिसर में तैनात लगभग 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के घेरे में हैं। उनके ड्यूटी रोस्टर, सीसीटीवी फुटेज और एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा का जिम्मा जिस निजी कंपनी को दिया गया था, वह बिहार के एक पूर्व सांसद से जुड़ी है। ट्रस्ट इस सुरक्षा व्यवस्था पर हर महीने लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च करता था, यानी सालाना करीब 12 करोड़ रुपये की लागत आती थी।

एसआईटी जांच की समय-सीमा बढ़ी

उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी जांच की समय-सीमा 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। एसआईटी ने जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इससे पहले 23 जून को एसआईटी प्रमुख सदस्य और लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने गृह विभाग को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी। वहीं, 25 जून को ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई थी।

महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी

इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, महंत को 29 जून को भर्ती किया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और यूरिन इन्फेक्शन की समस्या है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्थिति पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।

BJP ने  लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया

मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा संविधान और जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चल रही घटनाएं खुद रामलला सामने ला रहे हैं। वहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणी को प्रभु राम के प्रति आस्था से जोड़ते हुए कहा कि वह हमेशा सच्चाई के पक्ष में खड़े रहेंगे।