आगर मालवा में बस पलटने से 1 की मौत, 15 से अधिक यात्री घायल
आगर मालवा जिले में एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बड़ागांव के पास हुआ। जिसमें 1 यात्री की मौत हो गई। वहीं 15 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
आगर मालवा। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा बड़ागांव के पास हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में से तीन से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस सुसनेर से नलखेड़ा होते हुए कुरावर जा रही थी। इसी दौरान बड़ागांव के पास सड़क पर एक बुजुर्ग व्यक्ति भैंस लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए नलखेड़ा अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। घायलों को 108 और 112 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, बस में यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है, लेकिन करीब 20 से 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इनमें से 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आ रही है।
Varsha Shrivastava 
