Female Elephant ‘Vatsala’ : विश्व की सबसे बुजुर्ग हथिनी ‘वत्सला’ की प्रतिमा का अनावरण, विधानसभा अध्यक्ष बोले- गौरव का क्षण
Female Elephant ‘Vatsala’ : विश्व की सबसे बुजुर्ग हथिनी ‘वत्सला’ की प्रतिमा का रविवार को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अनावरण किया। यह प्रतिमा कोल्ड ड्रिंक कैन, प्लास्टिक की बोतलों और रीसाइकिल्ड वेस्ट से बनाई गई है।
Female Elephant ‘Vatsala’ : पन्ना टाइगर रिजर्व की सबसे उम्रदराज हथिनी 'वत्सला' की यादें अब अकोला बफर गेट पर हमेशा के लिए जीवंत बनी रहेगी। जेके सीमेंट द्वारा लाखों रुपये की लागत से तैयार कराई गई वत्सला की प्रतिमा का अनावरण रविवार, 13 सितंबर को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया।अब पर्यटक विश्व की सबसे बुजुर्ग हथिनी ‘वत्सला’ की प्रतिमा का यहा दीदार कर सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष बोले- गौरव का पल
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दादी मां "वत्सला" की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन एवं अनावरण किया गया। इस अवसर पर वत्सला ‘दादी माँ’ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह देश और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। पन्ना में दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी ‘वत्सला’ का होना ऐतिहासिक रहा है। अब प्रतिमा के माध्यम से देश-विदेश सेआने वाले पर्यटक भी उसके इतिहास और पन्ना से उसके जुड़ाव को जान सकेंगे। उन्होंने बताया कि वेस्ट प्लास्टिक और रीसाइकिल्ड सामग्री से प्रतिमा का निर्माण पर्यावरण संरक्षण का अच्छा संदेश देता है।

1972 में केरल से आई थी वत्सला
जेके सीमेंट के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल ने बताया कि वत्सला का पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यजीव प्रबंधन और संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वत्सला 1972 में केरल से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व आई थी और 1995 में उसे पन्ना लाया गया था। पिछले साल जुलाई में वो हमें हमेशा के लिए छोड़कर चली गई। ‘वत्सला’ लंबे समय तक पन्ना के जंगलों और वन्यजीव पर्यटन से जुड़ी रही और अपनी उम्र के कारण विशेष पहचान बनाई। अकोला बफर गेट पर स्थापित यह प्रतिमा पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगी। इससे पन्ना के वन्यजीव इतिहास और पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।

वन्यजीव प्रेमी रहे मौजूद
इस अवसर पर पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह जी, पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, जे.के. सीमेंट अमानगंज के अधिकारीगण सहित गणमान्यजन एवं वन्यजीव प्रेमी उपस्थित रहे।

रीसाइकिल्ड वेस्ट से बनी प्रतिमा
यह प्रतिमा कोल्ड ड्रिंक कैन, प्लास्टिक की बोतलों और रीसाइकिल्ड वेस्ट से बनाई गई है। यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगी और उन्हें जिम्मेदार वेस्ट डिस्पोजल का संदेश देगी। अधिकारियों का मानना है कि यह प्रतिमा पर्यटकों के लिए 'सेल्फी पॉइंट' भी बनेगी।
Anjali 
