सिंगरौली: नवानगर थाने में रिमांड पर आरोपी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रेट जांच शुरू

सिंगरौली के नवानगर थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी की रिमांड के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सिंगरौली: नवानगर थाने में रिमांड पर आरोपी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रेट जांच शुरू

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी की रिमांड के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है और मामले को लेकर उच्च स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी रामअवतार गोंड को सीआईएसएफ जवान सतीश चंद्र भारती के साथ हुई मारपीट और मौत के मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया था। बुधवार सुबह पूछताछ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के शुरुआती अवलोकन में किसी तरह की मारपीट या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

गौरतलब है कि यह मामला पहले से ही बेहद संवेदनशील बना हुआ है। एनसीएल की अमलोरी कोयला खदान में ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान सतीश चंद्र भारती के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल जवान को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला न्यायालय के निर्देश पर मजिस्ट्रेट द्वारा नवानगर थाना और जिला अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की जा रही है। एसडीओपी राहुल सैयाम ने बताया कि आरोपी की मौत को लेकर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल मजिस्ट्रेटियल जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।