मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री बने युमनाम खेमचंद सिंह, 356 दिन बाद हटा राष्ट्रपति शासन
भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने बुधवार शाम लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई
भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने बुधवार शाम लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. मैतेई समुदाय से आने वाले खेमचंद सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह का करीबी माना जाता है. उनके नेतृत्व में राज्य में एक बार फिर NDA सरकार बनी है.
दो डिप्टी सीएम ने ली शपथ
नगा समुदाय से आने वाले लोसी दिखो को डिप्टी मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई. वे नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक हैं. वहीं, कुकी समुदाय से आने वालीं नेमचा किपगेन ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. उन्होंने दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शपथ ली. नेमचा किपगेन मणिपुर की पहली महिला डिप्टी मुख्यमंत्री बनी हैं.
356 दिन बाद हटा राष्ट्रपति शासन
मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा के चलते 9 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था. जिसके चार दिन बाद, 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था. जिसे अब हटा लिया गया है.
गृह मंत्री पद को लेकर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर के गृह मंत्री पद के लिए कोंथौजम गोविंदास सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
shivendra 
