10 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार
10 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार निर्माण कार्यों के भुगतान के बदले मांगी रिश्वत ईओडब्ल्यू रीवा ने की कार्रवाई
मऊगंज के हनुमना जनपद की ग्राम पंचायत बलभद्रगढ़ में EOW रीवा ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पंचायत सचिव शरदचन्द्र गिरी को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सचिव पर पुलिया और पीसीसी रोड निर्माण के भुगतान के एवज में एक लाख रुपए मांगने का आरोप है।
डीएससी सिग्नेचर और ओटीपी के लिए मांगे थे एक लाख
फरियादी प्रकाश यादव, जो सरपंच पति हैं, ने 12 मई 2026 को निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए आवेदन किया था। भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के लिए सचिव के डीएससी सिग्नेचर और ओटीपी की आवश्यकता थी। आरोप है कि सचिव शरदचन्द्र गिरी ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के बदले एक लाख रुपए की मांग की थी।
पहली किस्त लेते ही ईओडब्ल्यू ने पकड़ा
शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू रीवा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। 14 मई की शाम जैसे ही सचिव ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। ईओडब्ल्यू एसपी अरविंद ठाकुर ने बताया कि आरोपी सचिव पद का दुरुपयोग कर भुगतान रोकने की धमकी दे रहा था।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक किरण किरो, निरीक्षक मोहित सक्सेना और उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। फिलहाल विभाग आरोपी के अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है।

