बिछिया नदी किनारे तेंदुए की दहशत, गायों का किया शिकार, वन विभाग अलर्ट

रीवा के बिछिया नदी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत है। दो गायों के शिकार के बाद वन विभाग की टीम सर्चिंग कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिछिया नदी किनारे तेंदुए की दहशत, गायों का किया शिकार, वन विभाग अलर्ट
google

रीवा शहर के बीच से गुजरने वाली बिछिया नदी के आसपास इन दिनों तेंदुए की मौजूदगी को लेकर लोगों में डर बना हुआ है। नदी किनारे बसे इलाकों में दो गायों के मारे जाने की खबर सामने आई है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अखाड़घाट से लेकर महाजन टोला तक के लोग दहशत में हैं।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे इलाके में सर्चिंग की जा रही है। हालात को देखते हुए लोगों को सुरक्षित रहने और बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ नदी किनारे की झाड़ियों और सुनसान रास्तों का सहारा लेकर रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है। गायों के शव मिलने के बाद डर और ज्यादा बढ़ गया है। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

वन विभाग की कार्रवाई

वन विभाग की टीम इलाके में लगातार गश्त कर रही है, लेकिन अब तक तेंदुए के पक्के पंजों के निशान नहीं मिल पाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिकार का तरीका तेंदुए जैसा लग रहा है, लेकिन पूरी पुष्टि वेटरनरी डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मारी गई गायों की जांच की जा रही है।

एक हफ्ते से दिखने की चर्चा

पिछले एक हफ्ते से इस इलाके में तेंदुए के देखे जाने की बातें सामने आ रही हैं। 23 दिसंबर की रात कृष्णा नगर में वन स्टॉप सेंटर के पास एक घर के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए जैसा जानवर कैद हुआ था। इसके बाद महाजन टोला के लोगों ने भी नदी किनारे उसे देखने का दावा किया है।

वार्ड 44 की पार्षद के पति अमृत लाल मिश्रा का कहना है कि उन्होंने भी तेंदुए को देखा था और सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे जानवर पकड़ में नहीं आ सका।

वन विभाग का कहना

SDO वन हितेश खंडेलवाल ने बताया कि अभी तक पक्के सबूत नहीं मिले हैं। गायों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बावजूद विभाग पूरी तरह सतर्क है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

लोगों के लिए एडवाइजरी

  • रात में घर से बाहर न निकलें
  • बच्चों और पालतू जानवरों पर खास नजर रखें
  • नदी किनारे की झाड़ियों के पास न जाएं
  • कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें
  • वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सावधानी बरतें।