रीवा बायपास का काम बना सिर दर्द, केसीसी कम्पनी की लापरवाही उजागर
रीवा में बन रही फोरलेन बायपास सड़क पर केसीसी कंपनी की लापरवाही से गड्ढे, धूल और कच्चे डायवर्जन की वजह से लोगों को भारी परेशानी और हादसों का खतरा बना हुआ है।
रीवा में चोरहटा से रतहरा तक बन रही फोरलेन बायपास सड़क लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सड़क बना रही केसीसी कंपनी के काम से आम लोग परेशान हैं।
कहीं सड़क के किनारे गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं तो कहीं मिट्टी और मलबे के ढेर लगा दिए गए हैं। सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं हो रहा, इसलिए दिन-रात धूल उड़ रही है। इससे आसपास के गांवों के लोग भी परेशान हैं और बीमार पड़ रहे हैं।
अंडरपास के पास हालात और भी खराब हैं। वहां कच्चे डायवर्जन बनाए गए हैं, जिनसे निकलना खतरे से खाली नहीं है। रात में कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। सिरमौर रोड के पास भी सुरक्षा के पूरे इंतजाम नहीं हैं।
कहा जा रहा है कि बिना ठीक से जमीन की जांच किए ही ज्यादा मिट्टी डाल दी गई है, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।
अधिकारियों ने कंपनी को नोटिस तो दिया है, लेकिन अब तक हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द सड़क का काम सही तरीके से पूरा किया जाए।
Saba Rasool 
