महापौर मालती राय के आवास पर बजरंग दल का प्रदर्शन,पोस्टर फाड़े,नेम प्लेट पर स्याही पोती
भोपाल में 26 टन गौमांस मिलने से हिन्दू वादी संगठनों में आक्रोश हैं और महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
भोपाल: 26 टन गौमांस मिलने का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसको लेकर हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच, एक ओर SIT मामले की जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर संगठन महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुल्ला मालती राय कहते हुए होर्डिंग पर मालती राय की फोटो पर स्याही से दाढ़ी बना दी।
FIR, जमानत और गाड़ी छोड़ने को लेकर संगठन ने उठाए सवाल
इसी क्रम में भोपाल में महापौर के सरकारी आवास के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हुई। उन्होंने वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए और नेम प्लेट पर स्याही पोत कर विरोध जताया।प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के विभाग संयोजक का कहना है कि आखिर असलम चमड़ा और अन्य के खिलाफ FIR क्यों दर्ज नहीं की गई। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि असलम चमड़ा को जमानत किस आधार पर दी गई और किस धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग
उनका यह भी कहना है कि जब हिंदू संगठनों ने वाहन को रोका था, तो बिना सैंपल रिपोर्ट के गाड़ी को किसके निर्देश पर छोड़ दिया गया। उन्होंने SIT गठन का स्वागत किया, लेकिन हम यहां भोपाल महापौर के इस्तीफे के लिए आए हैं।इस मामले पर एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली थी। अनुमति के बिना किए गए प्रदर्शन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
sanjay patidar 
