Vande Mataram Controversy : क्या BJP हमें सिखाएगी देशभक्ति... CWC बैठक में वंदे मातरम के फैसले पर जीतू पटवारी
PCC चीफ जीतू पटवारी ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की स्कूल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है।
Vande Mataram Controversy : भोपाल। क्या बीजेपी हमें सिखाएगी देशभक्ति कैसे करते हैं। कांग्रेस ने जितना बलिदान दिया बीजेपी से एक का भी नाम नहीं होगा बलिदान देने वाली लिस्ट में। यह बात मध्य प्रदेश कांग्रेस के पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने गुरूवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में CWC की बैठक में वंदे मातरम की फैसले पर कही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में सरकार पर स्कूल शिक्षा को लेकर हमला बोला। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की और प्रदेशभर में अभियान चलाने का ऐलान किया।
हर स्कूल में पहुंचेगी कांग्रेस
भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस अब मध्य प्रदेश के हर सरकारी स्कूल की स्थिति का जायजा लेगी। इस अभियान की शुरुआत पंचायत स्तर से होगी। पंचायत कमेटियों के अध्यक्ष अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर वहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे।
स्कूलों की स्थिति की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। पटवारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने लाना और सरकार पर सुधार के लिए दबाव बनाना है।

शिक्षा पर श्वेत पत्र की मांग
पटवारी ने कहा कि शिक्षा किसी एक राजनीतिक दल का विषय नहीं है। इसे दलगत राजनीति से ऊपर रखकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश की स्कूली शिक्षा की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार का सहयोग करने को तैयार है। लेकिन अगर सरकार सुधार की दिशा में कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस सवाल उठाती रहेगी।
सोशल मीडिया पर सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस ने पंचायत स्तर पर स्कूलों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने लाने की योजना बनाई है। पटवारी के मुताबिक, पंचायत कमेटियों के पदाधिकारी स्कूलों की स्थिति की तस्वीरें और वीडियो साझा करेंगे।
इनमें मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को टैग किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इस तरीके से स्कूलों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।
शिक्षा के अधिकार को लेकर अभियान
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा के अधिकार को लेकर आगे भी अभियान चलाएगी। इसके लिए रीवा और उज्जैन में पंचायत कमेटियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है।
कांग्रेस पूरे प्रदेश में साइक्लोथॉन आयोजित करने की तैयारी भी कर रही है। पार्टी का दावा है कि इन अभियानों के जरिए स्कूल शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रदेशभर में उठाया जाएगा।
वंदे मातरम पर बीजेपी को जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटवारी ने वंदे मातरम को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बीजेपी या आरएसएस से देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है।
पटवारी ने कांग्रेस के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का जिक्र करते हुए बीजेपी और संघ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और संविधान के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता स्पष्ट है।
महंगाई और खाद्य तेल के दाम पर हमला
पटवारी ने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने शक्कर, खाद्य तेल और दलहन की कीमतों में बढ़ोतरी का दावा किया। उन्होंने कहा कि सूरजमुखी तेल, पाम ऑयल, सोयाबीन, सरसों और मूंगफली तेल की कीमतें बढ़ी हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि महंगाई का असर आम लोगों के साथ किसानों और कारोबारियों पर भी पड़ रहा है।
शराब नीति पर कांग्रेस चलाएगी अभियान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शराब की बिक्री और उसकी उपलब्धता को लेकर भी पटवारी ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बड़ा अभियान चलाएगी। पटवारी ने सरकार के शराबबंदी से जुड़े दावों पर सवाल उठाते हुए अवैध और जहरीली शराब की घटनाओं का भी जिक्र किया।
सरकार को घेरने की रणनीति तैयार
कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक में लिए गए फैसलों के बाद पार्टी ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। शिक्षा अभियान इनमें प्रमुख है। पटवारी ने संकेत दिया कि पंचायत स्तर से शुरू होने वाला अभियान पूरे प्रदेश तक ले जाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि स्कूलों की जमीनी स्थिति सामने लाकर सरकार को सुधार के लिए मजबूर किया जाएगा।
Deekshamehra 
