राजा के दोस्त के सुसाइड का मामला: आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, अन्नपूर्णा पुलिस जांच में जुटी
इंदौर में राजा रघुवंशी के दोस्त अर्पित चौहान ने घर पर फांसी लगाई, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
इंदौर। राजा रघुवंशी के दोस्त अर्पित चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।
पत्नी ने फोन कर दी परिजनों को सूचना
जानकारी के अनुसार, अर्पित चौहान ने अपने घर के ऊपरी कमरे में फांसी लगाई थी। घटना का पता उस समय चला, जब उसकी पत्नी ने मृतक के भाई को फोन कर बताया कि उन्होंने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मंदिर से लौटने के बाद कमरे में गए थे
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने बताया कि वह मंदिर से लौटने के बाद घर के ऊपर बने कमरे में चले गए थे। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे घटना की जानकारी सामने आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रांसपोर्ट-ट्रैवल्स कारोबार से जुड़े थे अर्पित
पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्पित चौहान ट्रांसपोर्ट और ट्रैवल्स कारोबार से जुड़ा था। वह ट्रैवल्स की गाड़ियों के मैनेजमेंट का काम भी करता था। बताया जा रहा है कि पूर्व में राजा रघुवंशी से जुड़े ट्रैवल्स कारोबार में भी उसकी भूमिका रही थी।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।
Varsha Shrivastava 
