31 दिसंबर को खुला रहेगा व्हाइट टाइगर सफारी, नए साल पर होगा खास इंतजाम

न्यू ईयर की भीड़ को देखते हुए मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी और जू सेंटर 31 दिसंबर को बुधवार होने के बावजूद सुबह 8 से शाम 4 बजे तक टूरिस्ट्स के लिए खुला रहेगा।

31 दिसंबर को खुला रहेगा व्हाइट टाइगर सफारी, नए साल पर होगा खास इंतजाम
पब्लिकवाणी

रीवा | पब्लिक वाणी

महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू सेंटर, मुकुंदपुर में नए साल के मौके पर टूरिस्ट्स की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मैनेजमेंट ने 31 दिसंबर को खास इंतजाम किए हैं। आमतौर पर बुधवार को बंद रहने वाला जू सेंटर इस बार सैलानियों के लिए खुला रहेगा।

सुबह 8 से शाम 4 बजे तक खुली रहेगी सफारी

जू मैनेजमेंट के मुताबिक 31 दिसंबर को टाइगर सफारी सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक खुली रहेगी। शाम 4 बजे के बाद किसी भी टूरिस्ट को एंट्री नहीं दिया जाएगा। भीड़ को कंट्रोल रखने के लिए एंट्री की समय-सीमा 3 घंटे तय की गई है।

बुधवार को रहता है बंद, लेकिन इस बार छूट

जू सेंटर हर बुधवार को रख-रखाव के लिए बंद रहता है, लेकिन नए साल की भीड़ को देखते हुए इस बार 31 दिसंबर (बुधवार) को जू और सफारी खोलने का फैसला लिया गया है, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

27 प्रजातियों के 112 वन्य जीव

फिलहाल जू सेंटर में मांसाहारी और शाकाहारी मिलाकर 27 प्रजातियों के करीब 112 वन्य जीव मौजूद हैं। यहां कई दुर्लभ पक्षी, सरीसृप और रंग-बिरंगी तितलियां भी देखी जा सकती हैं।

ये होंगे मुख्य आकर्षण

यहां व्हाइट टाइगर के साथ-साथ पीले धारीदार बाघ अर्जुन, राजा, बन्या, शक्ति, सीधी और सरली पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। इसके अलावा करोड़ों की लागत से बनी विंध्य क्षेत्र की इकलौती बर्ड एवियरी भी लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगी, जहां देशी-विदेशी दुर्लभ पक्षियों को देखा जा सकता है।

हाल ही में पिलीकुला से एक जोड़ी जंगली कुत्ते और एक हाइना भी लाया गया है, जिससे सफारी की जैव विविधता और बढ़ गई है।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

टूरिस्ट्स की सेफ्टी के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे जू कैम्पस और सफारी एरिया में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा करीब 40 नए कैमरे लगाए गए हैं। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से हर एक्टिविटी पर नजर रखी जाएगी।

इसके अलावा पुलिस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की भी तैनाती रहेगी। सतना-मैहर और रीवा वनमंडल से कई और कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।

बस और गोल्फ कार्ट की सुविधा

पर्यटकों के लिए सफारी में करीब 5 बसें और जू भ्रमण के लिए 9 गोल्फ कार्ट उपलब्ध रहेंगी।

2 नंबर गेट रह सकता है बंद

भीड़ को देखते हुए 2 नंबर गेट और कैंटीन की ओर जाने वाला रास्ता बंद किया जा सकता है। टिकट और एंट्री में सुविधा के लिए 8 टिकट काउंटर और 4 एंट्री गेट खोलने पर सोचा जा रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग का इंतजाम भी किया जाएगा।