वेयरहाउस संचालकों को सालों से नहीं मिला किराया, CM के नाम सौंपा ज्ञापन
वेयरहाउस संचालकों को लंबे समय से किराया और भुगतान नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई है। जनसुनवाई में कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
शहर के वेयरहाउस संचालकों को पिछले करीब एक साल से गोदाम का किराया नहीं मिला है। इससे परेशान होकर वेयरहाउस एसोसिएशन के लोग आज मंगलवार को जनसुनवाई के दिन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संचालकों का कहना है कि किराया नहीं मिलने से उनकी हालत खराब हो गई है। कई लोग बैंक की किस्त तक नहीं भर पा रहे हैं और गोदाम संचालक एनपीए होने की कगार पर हैं। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र का कमीशन, जो 4 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मिलना चाहिए, वह भी कई सालों से अटका हुआ है।

वेयरहाउस संचालकों ने यह भी कहा कि नागरिक आपूर्ति निगम रीवा द्वारा समय पर डिजिटल साइन नहीं किए जाते। इसी वजह से बिल वहीं रुक जाते हैं और भोपाल नहीं पहुंच पाते। जो बिल भोपाल पहुंचते हैं, उनका भुगतान भी बहुत देर से होता है।
धान के सूखत को लेकर भी संचालकों ने मांग रखी है। अभी 2 प्रतिशत सूखत दिया जाता है, जबकि असल में धान का सूखत 4 से 5 प्रतिशत तक होता है। इसलिए सूखत 4 प्रतिशत किया जाए।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पन्नालाल अवस्थी ने कहा कि किराया न मिलने से संचालकों को अपने कर्मचारियों—सुरक्षा गार्ड, मैनेजर और अन्य स्टाफ—का वेतन भी अपनी जेब से देना पड़ रहा है। इससे उन पर और ज्यादा बोझ बढ़ गया है।
लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद भी जब समस्या नहीं सुलझी, तो आज सभी संचालकों ने मिलकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी ही भुगतान नहीं हुआ और व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वेयरहाउस संचालक प्रदेश और देशभर में आंदोलन करेंगे।
Saba Rasool 
