हनीमून मर्डर: आरोपी सोनम को मेघालय HC से राहत, परिजनों ने न्याय व्यवस्था पर जताई नाराजगी

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम को मेघालय हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी है.इससे पहले शिलॉग कोर्ट ने सोनम को जमानत दी थी.

हनीमून मर्डर: आरोपी सोनम को मेघालय HC से राहत, परिजनों ने न्याय व्यवस्था पर जताई नाराजगी

मेघालय के बहुचर्चित हनीमून मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी का जमानत बरकरार रहेगी. मेघालय हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें सोनम की जमानत रद्द करने की मांग की गई थी. हाई कोर्ट ने सोनम को निचली अदालत से मिली जमानत को बरकरार रखा है. सोनम जमानत पर जेल से बाहर रहेंगी. सोनम पर अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की हत्या करने का आरोप है.

मेघालय पुलिस हाई कोर्ट पहुंची थी

हाल ही में मेघालय के डीजीपी  इदाशिशा नोंगरांग ने कहा था कि पुलिस राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत देने वाले कोर्ट के आदेश को मेघालय पुलिस चुनौती देगी.  इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस ने लोगों का काफी ध्यान खींचा है और मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी की मौत से जुड़े हालात की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि उनके पास ठोस सबूत हैं और उन्हें मामले की मजबूती पर भरोसा है, क्योंकि यह मामला अब न्यायिक प्रक्रिया से गुजर रहा है.

शिलॉग कोर्ट ने दी थी जमानत

राजा मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलॉंग कोर्ट ने 28 अप्रैल को जमानत दी थी. अब मेघालय हाई कोर्ट ने भी सोनम को बड़ी राहत दी है. बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने शिलांग गए थे. यहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए, जहां दोनों लापता हो गए थे. पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब एक हफ्ते बाद 2 जून 2026 को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर लगे हैं। हालांकि इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है.

पीड़ित परिवार का दर्द छलक पड़ा

इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हनीमून हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को हाईकोर्ट से भी राहत मिलने के बाद पीड़ित परिवार का दर्द छलक पड़ा। बेटे की मौत के बाद इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठे माता-पिता ने जमानत के फैसले पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि अब उनका कानून और न्याय व्यवस्था से भरोसा उठने लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस महिला पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है, उसे जमानत मिलना पूरे परिवार के लिए दूसरा बड़ा सदमा है।

 अब भरोसा डगमगाने लगा है- राजा की मां

सोनम रघुवंशी को निचली अदालत से मिली जमानत को हाईकोर्ट द्वारा बरकरार रखे जाने के बाद मृतक राजा रघुवंशी के परिजनों ने न्याय व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कानून उनके बेटे को न्याय दिलाएगा, लेकिन अब उनका भरोसा डगमगाने लगा है। उनका कहना है कि जिस महिला पर अपने पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है, उसे जमानत मिलना समझ से परे है।

उमा रघुवंशी, मृतक राजा की मां

उन्होंने कहा कि यदि ऐसे गंभीर मामलों में भी आरोपियों को राहत मिलती रही तो इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और पीड़ित परिवारों का न्याय व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। उमा रघुवंशी ने महाराष्ट्र के चर्चित सिया हत्याकांड का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें आशंका है कि उस मामले में भी कहीं ऐसा ही न हो जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनके बेटे के मामले में अब तक न्याय नहीं मिला तो दूसरे पीड़ित परिवारों को भी न्याय मिलने की उम्मीद कम ही नजर आती है।

CM से मिलकर न्याय की मांग करेंगे- राजा के पिता

वहीं, राजा के पिता अशोक रघुवंशी ने भी फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार और न्यायालय उनके बेटे को न्याय दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए और वे मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की मांग करेंगे।

अशोक रघुवंशी, मृतक राजा के पिता

अशोक रघुवंशी ने कहा कि राजा की हत्या के मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से महाराष्ट्र की सरकार ने पूरे मामले को फास्ट्रेक कोर्ट में चलने का फैसला लिया है इस तरह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी मेघालय के मुख्यमंत्री से बात कर मामले में परिवार का सहयोग कर सकते हैं।