मऊगंज: 393 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ 12.79 लाख का माल जब्त, तस्कर फरार
मऊगंज में नशीली कोरेक्स की बड़ी खेप जब्त, पुलिस को देख फरार हुए तस्कर, 393 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, पुलिस ने 5 किमी पीछा करने के बाद 12.79 लाख का माल पकड़ा
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की। रीवा आईजी के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कटरा-मऊगंज मार्ग के पहिलपार मोड़ पर घेराबंदी की।

तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से दो बोरियों में रखी 393 शीशी प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद कफ सिरप की कीमत लगभग 79,190 रुपये और जब्त टाटा नेक्सन कार की कीमत लगभग 12 लाख रुपये है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 12.79 लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस ने 5 KM पीछा किया, तस्कर भाग निकले
करीब सुबह 4 बजे ग्रे रंग की टाटा नेक्सन (MP53ZG3065) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। भागने के दौरान कार बिजली के खंभे से टकरा गई, फिर भी आरोपी वाहन लेकर भाग निकले। पुलिस ने लगभग 5 किलोमीटर तक पीछा किया। अंततः कोट गांव के दहिया नाले के पास आरोपी कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए।

नशा तस्करों के खिलाफ की गई कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गोविन्द प्रसाद तिवारी, उप-निरीक्षक अनन्त विजय सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक भास्कर, गौरव पाण्डेय, आरक्षक पंकज शुक्ला, प्रकाश कुशवाहा, अविनाश सिंह और चन्दन यादव सहित नईगढ़ी थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बड़ा सवाल: विंध्य में यह ज़हर कौन फैला रहा है?
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वाहन के पंजीकरण के आधार पर उसके मालिक और तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। लेकिन सवाल यही है कि विंध्य में यह जहर कौन फैला रहा है? क्या इसके पीछे किसी बड़े सिंडिकेट का हाथ है?
Varsha Shrivastava 
