सिंगरौली: कांग्रेस का SP कार्यालय घेराव, नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

सिंगरौली में कांग्रेस ने एसपी कार्यालय का घेराव कर पूर्व महापौर रेणु शाह समेत नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। पार्टी ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

सिंगरौली: कांग्रेस का SP कार्यालय घेराव, नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

सिंगरौली। परसदेही गांव में पावर ग्रिड परियोजना से जुड़े विवाद के बाद कांग्रेस नेताओं पर दर्ज प्रकरणों के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने पूर्व महापौर रेणु शाह समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक रमेश मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली निकालते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि परसदेही गांव में पावर ग्रिड कंपनी की कथित लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना में जगदीश शाह की मौत के बाद पार्टी नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया। उनका कहना है कि कांग्रेस के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन पीड़ित परिवार को मुआवजा और अन्य सहायता देने के लिए तैयार हुआ, लेकिन इसके बाद पूर्व महापौर रेणु शाह सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज कर दिए गए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि जनहित और पीड़ित परिवार के न्याय के लिए आवाज उठाना अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है।

कांग्रेस ने मांग की कि पूर्व महापौर रेणु शाह सहित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। साथ ही पावर ग्रिड प्रबंधन और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में सुरेश दुबे, रूपेश चंद्र पांडे, आशुतोष सिंह, विद्यासागर वैश्य, राम शिरोमणि शाहवाल, लखनलाल शाह, सुदामा कुशवाहा, मनोज शाह, बंतो कौर, विनीता कुशवाहा, संध्या सिंह, संगीता सिंह, सीमा भारती, हरिकमल वैश्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।