शबरी वॉटरफॉल में सेल्फी के दौरान गहरे कुंड में डूबे युवक का मिला शव
6 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था सुनील, पैर फिसलने से हुआ हादसा
सतना। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध शबरी वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे 25 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक सेल्फी लेने के दौरान गहरे कुंड में चला गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पानी में डूब गया। करीब 17 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार दोपहर उसका शव बरामद किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जैतवारा थाना क्षेत्र के किटहा निवासी सुनील कोरी मंगलवार को अपने 6 दोस्तों के साथ शबरी वॉटरफॉल घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वॉटरफॉल के गहरे कुंड के पास सेल्फी लेते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज गहराई के कारण सुनील पानी में समा गया।
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा था रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलने के बाद मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंगलवार को ही युवक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस और बचाव दल ने देर शाम तक कुंड में सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद बुधवार सुबह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम ने वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल ने कुंड के आसपास और पानी के भीतर काफी देर तक तलाश की।

दोपहर 12 बजे पानी में दिखाई दिया शव
करीब 17 घंटे की तलाश के बाद बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सुनील का शव कुंड के पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद बचाव दल ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद युवक के दोस्तों और परिजनों में मातम का माहौल है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
