डॉलर हुआ मजबूत, देश में बढ़ सकती है महंगाई; पेट्रोल-डीजल के बाद बढ़ेंगे सबके दाम
भारतीय रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है और इससे देश में महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हो गई है। 16 मई को रुपया 30 पैसे गिरकर 1 डॉलर के मुकाबले ₹95.99 के ऑल टाइम लो स्तर पर पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों से रुपये में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे आने वाले समय में आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ सकता है।
एक्सपर्ट्स की मानें तो मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय मुद्रा पर पड़ा है। तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे भारत का इम्पोर्ट बिल बढ़ गया है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।
विदेशी निवेशकों ने निकाला पैसा
बाजार में अस्थिरता के बीच विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं और डॉलर में निवेश बढ़ा रहे हैं। इससे डॉलर की मांग बढ़ रही है और रुपया और कमजोर होता जा रहा है। डॉलर की मजबूती का असर भारतीय मुद्रा पर साफ दिखाई दे रहा है। तनाव के चलते भारतीय शेयर बाजार में भी रिकॉर्डतोड़ गिरावट दर्ज की गई है।

View this post on Instagram
LPG और इलेक्ट्रॉनिक्स हो सकते हैं महंगे
ईरान-इजरायल तनाव के कारण LPG, प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है। इसका असर घरेलू बाजार में कीमतों पर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स भी महंगे हो सकते हैं, क्योंकि इनके ज्यादातर पार्ट्स विदेशों से आयात किए जाते हैं और उनका भुगतान डॉलर में होता है।

₹100 तक पहुंच सकता है डॉलर
आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव कम नहीं हुआ और वैश्विक बाजार में अस्थिरता बनी रही, तो भारतीय रुपया और कमजोर हो सकता है। ऐसे में आने वाले समय में 1 डॉलर की कीमत ₹100 तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इससे देश में महंगाई और बढ़ सकती है और आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।


