रीवा-सीधी मार्ग पर सड़क हादसा, बल्कर में आग लगने से चालक की दर्दनाक मौत
रीवा-सीधी मार्ग पर तेज रफ्तार बल्कर पलटने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे चालक बृजेश गौतम की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक को बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र के गहरी पकरा के समीप बीती रात एक ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। देर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में बल्कर चालक 35 वर्षीय बृजेश गौतम, पिता छोटे राम गौतम, निवासी ग्राम धनहा, जिला सीधी, केबिन में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई।
मदद के लिए चीखता रहा चालक, लेकिन आग के आगे बेबस रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बल्कर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। केबिन में फंसा चालक लगातार मदद के लिए चीख-पुकार करता रहा। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी वाहन के पास तक नहीं पहुंच सका।
लोग दूर खड़े होकर चालक की चीखें सुनते रहे, लेकिन चाहकर भी उसकी जान नहीं बचा पाए। कुछ ही देर में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
दमकल पहुंची, तब तक राख हो चुका था चालक
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग बुझने के बाद बल्कर पूरी तरह जल चुका था और चालक का शव केबिन के भीतर फंसा हुआ मिला।
आज सुबह पुलिस और प्रशासन की टीम ने गैस कटर मशीन से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर शव बाहर निकाला। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
क्षेत्र में शोक, पुलिस जांच में जुटी
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

