मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल: भुलेश्वर में आगमन जुलूस के दौरान हादसा; दो बच्चियां भी चपेट में
मुंबई के भुलेश्वर में गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान 22 फीट ऊंची मूर्ति गिर गई. हादसे में 2 लोगों की मौत और 5 लोग घायल हुए हैं.
गणेशोत्सव से पहले मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया. ‘भुलेश्वर चा राजा’ की करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा आगमन जुलूस के दौरान अचानक गिर गई. हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं. घायलों में दो बच्चियां भी शामिल हैं.
हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक, कबूतरखाना के पास बालाराम मर्चेंट रोड पर हुआ. प्रतिमा को मंडप तक ले जाया जा रहा था. इसी दौरान वह असंतुलित होकर जुलूस में शामिल लोगों पर गिर गई.
हादसे में मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है. संकेेत नेवशे गणपति मंडल के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं. घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया. अधिकारियों के मुताबिक घायल फिलहाल स्थिर हैं. घायलों में वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गानेर (5), दिव्या गानेर (7) और कुणाल काशिद शामिल हैं.
फ्रेम टूटने की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रतिमा को जिस फ्रेम पर रखा गया था, उसमें तकनीकी खराबी की वजह से प्रतिमा का संतुलन बिगड़ा. कुछ रिपोर्ट्स में फ्रेम की वेल्डिंग टूटने की बात सामने आई है, जबकि एक प्रारंभिक रिपोर्ट में ढांचे के ढीले नट-बोल्ट को संभावित वजह बताया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, एंबुलेंस और बीएमसी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने Accidental Death Report (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गणेशोत्सव से पहले हादसा
मुंबई में गणेशोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इस साल 10 दिवसीय गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा. उससे पहले गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस में हुए इस हादसे से उत्सव की तैयारियों के बीच शोक का माहौल है.

