भारत-श्रीलंका दूसरा टेस्ट: कोलंबो में सीरीज जीतने उतरी टीम इंडिया, 33 साल के सारांश जैन का डेब्यू
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दूसरा टेस्ट शुरू हो गया है। 33 साल के मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया है।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार से कोलंबो के सिन्हालेज स्पोर्ट्स क्लब में शुरू हो गया है. टीम इंडिया पहला टेस्ट 165 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त के साथ मैदान में उतरी है. अब भारतीय टीम की नजरें सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर हैं.
33 साल के सारांश जैन को मिला टेस्ट डेब्यू
इस मुकाबले में मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को भारत की प्लेइंग-11 में जगह मिली है. 33 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला. टीम हडल के दौरान उन्हें रवींद्र जडेजा ने टेस्ट कैप सौंपी. सारांश जैन को शामिल किए जाने के साथ ही कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया है.
सारांश जैन दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला है. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में भी उनका नाम शामिल था.
पहले टेस्ट में भारत का दबदबा
गाले में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया था. इस मुकाबले में मनव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 10 विकेट लिए थे. देवदत्त पडिक्कल ने भी पहली पारी में 167 रन की शानदार पारी खेली थी. केएल राहुल और ऋषभ पंत ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया.
गिल और जायसवाल पर भी नजर
दूसरे टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल से बड़ी पारी की उम्मीद है. दोनों बल्लेबाज गाले टेस्ट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे. गिल को दोनों पारियों में श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने आउट किया था.
श्रीलंका की टीम भी इस मुकाबले में वापसी की कोशिश करेगी. उसे प्रमुख बल्लेबाज कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल की कमी खलेगी. दोनों दूसरे टेस्ट से बाहर हैं.
भारत के पास सीरीज जीतने का मौका
भारत के पास कोलंबो टेस्ट जीतकर श्रीलंका में सीरीज 2-0 से अपने नाम करने का मौका है. मुकाबला 23 से 27 अगस्त तक खेला जाना है.

