चुनाव से पहले 183 निकायों में 1080 एल्डरमैन नियुक्त करेगी MP सरकार
चुनाव से पहले 183 निकायों में 1080 एल्डरमैन नियुक्त करेगी मप्र सरकार अगले साल प्रदेश में होने हैं स्थानीय निकाय चुनाव
2027 में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से ठीक एक साल पहले भाजपा और राज्य सरकार ने पार्टी नेताओं की जमावट शुरू कर दी है। राज्य सरकार 183 नगरीय निकायों में एक हजार से अधिक एल्डरमैन नियुक्त करने जा रही है। इनमें भोपाल समेत 13 नगर निगम, अलग-अलग जिलों की 56 नगर पालिकाएं और 114 नगर पंचायतें शामिल हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से कुल 1 हजार 80 पदों पर जिला स्तर के भाजपा नेताओं की एल्डरमैन की नियुक्ति की सिफारिश राज्य सरकार से की थी, इसमें 105 नियुक्तियां नगर निगमों में 325 नगर पालिकाओं में और 650 नगर पंचायतों में प्रस्तावित की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इन सभी नियुक्तियों की सिफारिशों को हरी झंडी दे दी है। नगरीय आवास एवं विकास विभाग अगले एक या दो दिन में इन सभी नियुक्तियों के आदेश जारी कर सकता है। इन एल्डरमैन को सिर्फ एक साल का कार्यकाल ही मिल सकेगा, क्योंकि जुलाई 2027 में चुनाव होने हैं।
तीन महीने से कागजों में अटकी है 169 निकायों में हुई 768 एल्डरमैन की नियुक्ति
राज्य सरकार ने इससे पहले 169 नगरीय निकायों में 768 एल्डरमैन की नियुक्ति के आदेश जारी किए थे। लेकिन तीन माह पहले 29 मार्च को हुई इन नियुक्तियां अभी तक फाइलों में ही अटकी हुई हैं। इनमें 123 नगर परिषदों और 46 नगर पालिकाओं में हुई नियुक्तियां शामिल हैं। पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से तीन माह बाद भी गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं हो सका है, इस कारण नगरीय निकायों ने इन्हें आधिकारिक रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं कराया है। यह एल्डरमैन निकाय की बैठकों में भी शामिल नहीं हो पा रहे हैं, न ही इन्हें मानदेय मिलना ही शुरू हो सका है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के संयुक्त संचालक सुरेश बेलिया का कहना है कि कुछ निकायों में नाम और सरनेम में गलतियां सामने आई थीं। इसलिए नोटिफिकेशन से पहले त्रुटि-सुधार और सत्यापन की प्रक्रिया कराई जा रही है।
एल्डरमैन की नियुक्ति का फॉर्मूला
राज्य सरकार ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले 4 नगरीय निकायों में 12-12 एल्डरमैन और 10 लाख से कम आबादी वाले 12 नगरीय निकायों में 8-8 एल्डरमैन नियुक्त करने का फॉर्मूला तय किया है। इसी तरह नगर पालिकाओं में 6-6 और नगर परिषदों में 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए जाना हैं।

