भोपाल: RGPV गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक छात्रा की आत्महत्या, वार्डन से विवाद के आरोप
भोपाल के RGPV गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक फर्स्ट ईयर की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। वार्डन से विवाद के आरोप सामने आए हैं। पुलिस और एफएसएल जांच में जुटी है, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
भोपाल के RGPV गर्ल्स हॉस्टल गांधी नगर में बीटेक फर्स्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद हॉस्टल और कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृत छात्रा की पहचान सव्याश्री मुनागला (19) के रूप में हुई है, जो धार जिले की रहने वाली थी और कंप्यूटर साइंस एंड बिजनेस सिस्टम (CSBS) की पढ़ाई कर रही थी। वह कॉलेज कैंपस में बने गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले छात्रा और हॉस्टल की एक महिला स्टाफ के बीच कहासुनी हुई थी। छात्र के साथ देखे जाने को लेकर उसे फटकार लगाए जाने की बात सामने आई है। छात्रा के सीनियर और कुछ सहपाठियों ने वार्डन पर मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस वजह से छात्रा तनाव में थी।
वहीं, कुछ छात्रों ने वार्डन का पक्ष लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य के तहत छात्रा को समझाइश दी थी, क्योंकि उसने कॉलेज समय में बिना पूर्व अनुमति छुट्टी ली थी। हॉस्टल स्टाफ ने वीडियो बनाने और परिजनों को भेजने के आरोपों को गलत बताया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां छात्रा दुपट्टे से बने फंदे पर लटकी मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए गए हैं, जो फिलहाल लॉक हैं।
पुलिस का कहना है कि परिजनों, छात्रों और हॉस्टल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने कैमरे पर बयान देने से इनकार किया है। छात्रों का कहना है कि वे मानसिक दबाव और अनुशासन के नाम पर होने वाली कथित सख्ती को लेकर पहले भी शिकायतें करते रहे हैं।
DRASHTI JAIN 
