नगर निगम के सामने की दुकानें जलकर खाक, देर रात लगी आग, लाखों का नुकसान
सिटी कोतवाली क्षेत्र में देर रात गारमेंट्स और हैंडलूम की दो दुकानों में आग लग गई, जिससे दोनों दुकानदारों को करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस जांच में जुटी है।
शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गारमेंट्स और हैंडलूम की दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 2 बजकर 42 मिनट पर पुलिस ने दुकानदारों को फोन कर आग लगने की सूचना दी।

गणेश कलेक्शन का सामान खाक
गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले राम नरेश जायसवाल ने बताया कि जब पुलिस का फोन आया, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान में रखे करीब एक लाख रुपये नकद भी जल गए और कुल मिलाकर उन्हें 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

गुप्ता हैंडलूम में भी लाखो का नुकसान
पास ही स्थित हैंडलूम की दुकान में भी आग ने भारी नुकसान पहुंचाया। दुकान संचालक मनीष पुरवार ने बताया कि पुलिस ने उन्हें आग लगने की जानकारी दी। आग से उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खत्म हो गया, जिससे उन्हें करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों का सामान पूरी तरह जल चुका था।
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।
Saba Rasool 
