इंदौर की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां!

इंदौर के धार रोड पर 'ड्यू ड्रॉप इरिगेशन' फैक्ट्री में लगी भीषण आग। जेसीबी से दीवार तोड़कर दमकल की 7 गाड़ियां 4 घंटे से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। अमावस्या की वजह से बड़ा हादसा टल गया। वहीं करोड़ों का सामान जलकर खाक होने का दावा किया जा रहा है।

इंदौर की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां!
google
इंदौर के धार रोड स्थित नवादा पंथ इलाके में प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री 'ड्यू ड्रॉप इरिगेशन' में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आग की लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग बुझाने के लिए 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।

फैक्ट्री में करीब 30 से 35 लोग काम करते हैं। यहां दिन और रात, दो शिफ्ट चलती हैं।अमावस्या के कारण फैक्टरी में काम बंद था और जो लोग अंदर मौजूद थे, वे समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा करोड़ों रुपये का प्लास्टिक दाना और मशीनें देखते ही देखते स्वाहा हो गईं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक होने का दावा किया जा रहा है।

घटना शनिवार करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। फैक्ट्री में आग डीपी में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक का दाना भरा होने की वजह से आग और तेजी से भड़क गई।फिलहाल आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं।

जानकारी के अनुसार, धार रोड के नवादा पंथ स्थित इस 'ड्यू ड्रॉप इरिगेशन' नाम की प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री का संचालन मोहम्मद जावेद कुरैशी (पिता अब्दुल गफ्फार) द्वारा पिछले तीन वर्षों से किया जा रहा था। आग फैक्ट्री के भीतर इतनी बुरी तरह फैल चुकी थी कि दमकल कर्मियों को अंदर जाने का रास्ता ही नहीं मिल रहा था।

इसके बाद तुरंत जेसीबी मशीन बुलाई गई और फैक्ट्री की दीवार को तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया गया, तब जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन इस भीषण हादसे में करोड़ों रुपये का प्लास्टिक दाना और सामान जलकर खाक होने की आशंका है।