दतिया उपचुनाव पर सियासत तेज: बीजेपी का कांग्रेस पर तंज, कांग्रेस बोली- प्रत्याशी भी उतारेंगे और चुनाव भी जीतेंगे

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने कांग्रेस के नेतृत्व और उम्मीदवार को लेकर तंज कसा, जबकि कांग्रेस नेताओं उमंग सिंघार और पीसी शर्मा ने जल्द प्रत्याशी घोषित करने और चुनाव जीतने का दावा किया। पढ़ें पूरी राजनीतिक हलचल।

दतिया उपचुनाव पर सियासत तेज: बीजेपी का कांग्रेस पर तंज, कांग्रेस बोली- प्रत्याशी भी उतारेंगे और चुनाव भी जीतेंगे

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. एक तरफ बीजेपी कांग्रेस के अंदरूनी नेतृत्व और संभावित उम्मीदवार को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा है कि वह जल्द प्रत्याशी घोषित करेगी और चुनाव जीतकर दिखाएगी.

आशीष अग्रवाल ने ली चुटकी

BJP के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी पहले यह तय कर ले कि चुनाव कौन लड़ रहा है? "जीतू पटवारी की कांग्रेस, दिग्विजय सिंह की कांग्रेस या अरुण यादव की कांग्रेस.  उन्होंने कहा कि कांग्रेस में न तो संगठनात्मक एकजुटता दिखाई दे रही है और न ही उम्मीदवार को लेकर स्पष्टता है. आशीष अग्रवाल ने दावा किया कि बीजेपी संगठन की मजबूती और सरकार के विकास कार्यों के दम पर दतिया उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप को भी खारिज किया कि यह चुनाव जनता पर थोपा गया है.

क्या बोले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार?

वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस जल्द अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत भी हासिल करेगी. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी दतिया उपचुनाव को लेकर BJP सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव जनता पर थोपा गया है और इससे जुड़ा मामला अभी न्यायालय में लंबित है. शर्मा ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह दतिया जाकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर चुके हैं. उनका दावा है कि स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के पक्ष में माहौल और सहानुभूति है, जिसका फायदा पार्टी को मिलेगा.