भोपाल में 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा, CM मोहन यादव हुए शामिल; 50 हजार वाहनों के साथ उमड़ा जनसैलाब

भोपाल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 32 किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी यात्रा में शामिल हुए। आयोजकों के मुताबिक यात्रा में एक लाख से अधिक नागरिकों और करीब 50 हजार वाहनों के शामिल होने का दावा किया गया है। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और लाहौर, ढाका व कराची को लेकर बयान दिया।

भोपाल में 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा, CM मोहन यादव हुए शामिल; 50 हजार वाहनों के साथ उमड़ा जनसैलाब

भोपाल। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को भोपाल में 32 किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू हुई इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। यात्रा का समापन संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी में होगा।

आयोजक संस्था ‘कर्मश्री’ के मुताबिक, यात्रा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। करीब 50 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है, जबकि पूरे 32 किमी के मार्ग पर 1100 से ज्यादा स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है।

सीएम बोले- पूरा भोपाल सड़कों पर उतरा

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे पूरा भोपाल सड़कों पर उतर आया है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति तिरंगे के साथ देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

सीएम ने भारत की सैन्य क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि देश अब अपने दुश्मनों से निपटने के लिए उनकी सीमा में जाकर कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने पाकिस्तान पर भी निशाना साधते हुए भारत की बढ़ती ताकत का उल्लेख किया।

लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भूले- रामेश्वर शर्मा

यात्रा के आयोजक और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत ने लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भुलाया है। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल वहां भी तिरंगा फहराया जाएगा और वंदे मातरम् गाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेने और नशे से दूर रहने की अपील की।

‘Gen-Z Against Addiction’ का संदेश

इस बार तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति के साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिल रहे हैं। चुना भट्टी चौराहे समेत कई स्थानों पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं, जहां ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे संदेश दिए जा रहे हैं।

32 किमी के रूट पर तिरंगों का सैलाब

यात्रा के पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक तिरंगा लेकर शामिल हुए हैं। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं। देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों के बीच यात्रा आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस, प्रशासन और आयोजन समिति की टीमें भी तैनात हैं।