चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत पर फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट में छापा, चाउमीन-पनीर के सैंपल लिए
सतना के नागौद में चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। चाउमीन-पनीर समेत दूध और खोवा के सैंपल लिए।
सतना/नागौद। चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागौद में कार्रवाई की है। ग्राहक की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने SBI चौक स्थित फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
किचन की साफ-सफाई भी जांची
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रेस्टोरेंट में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही किचन की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों को रखने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस की शर्तों का पालन करने और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।
डेयरी से दूध, पनीर और खोवा के सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नागौद स्थित गोलू 56 डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए दूध, पनीर और खोवा के सैंपल लिए गए हैं।
विभाग के मुताबिक दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब निगाह लैब रिपोर्ट पर है।

