बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी का भव्य स्वागत, पंडित धीरेंद्र शास्त्री संग किए बालाजी के दर्शन और यज्ञ-हवन
बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी: खजुराहो एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, दर्शन-पूजन और यज्ञ-हवन में हुए शामिल, 11 कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद
प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी 2 जुलाई गुरुवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे। उनके आगमन पर खजुराहो एयरपोर्ट पर बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर अंबानी का अभिनंदन किया।

बागेश्वर धाम में हुआ आत्मीय स्वागत...
एयरपोर्ट से सीधे अनंत अंबानी बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्हें मुद्गर, बलजीबी रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किए गए। धाम परिसर में पहुंचने के बाद अनंत अंबानी को बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन कराए गए।

दर्शन के उपरांत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और अनंत अंबानी ने मिलकर श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की आरती की। दोनों ने देश, धर्म और जनकल्याण की मंगलकामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
यज्ञशाला में अर्पित कीं आहुतियां...
इसके बाद दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान अनंत अंबानी ने विधिवत रूप से यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। धार्मिक वातावरण में मंत्रोच्चार के बीच पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

11 कन्याओं का पूजन किया...
यज्ञ के बाद अनंत अंबानी ने धाम परिसर में 11 कन्याओं का विधिवत पूजन किया और उन्हें दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने काशी (वाराणसी) से आए विद्वान ब्राह्मणों का भी सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर धार्मिक परंपराओं का विशेष पालन किया गया।

बातचीत का क्षण बना चर्चा का विषय...
कार्यक्रम के दौरान एक क्षण विशेष रूप से चर्चा में रहा, जब फोटो सत्र के दौरान अनंत अंबानी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हाथ पकड़कर उन्हें अपने पास बुलाया। इस दौरान उन्होंने कहा, आप बोले आना है, तो मैं आ गया। यह संवाद वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।

पहले से जुड़ा है आध्यात्मिक संबंध...
बताया जाता है कि अनंत अंबानी और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच पहले से भी सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। वे समय-समय पर बागेश्वर धाम की ‘अन्नपूर्णा रसोई’ (भंडारा) में सहयोग करते रहे हैं। इसके पहले भी दोनों की मुलाकातों की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। यह दौरा अनंत के धार्मिक और आध्यात्मिक जुड़ाव को और मजबूत करता दिखाई दिया। 
Varsha Shrivastava 
