65 मिनट में तहसीलदार के घर चोरी, पत्नी को स्टेशन छोड़ने गए थे अधिकारी; लौटे तो टूटा मिला ताला
सतना में रामपुर बाघेलान तहसीलदार के घर 65 मिनट में चोरी हो गई। पत्नी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए अधिकारी लौटे तो ताला टूटा मिला, 70 हजार नकद समेत सामान चोरी।
सतना। शहर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाला चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार सुबह चोरों ने रामपुर बाघेलान तहसीलदार के घर को निशाना बनाया। तहसीलदार अपनी पत्नी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे और करीब 65 मिनट बाद जब वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नकदी समेत कीमती सामान गायब था।
जानकारी के मुताबिक रमेश प्रसाद कोल, निवासी लोढ़ी, थाना जयसिंहनगर, जिला शहडोल, वर्तमान में रामपुर बाघेलान तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। वह सतना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पैप्टेक सिटी कॉलोनी के मकान नंबर 344 में पत्नी के साथ रहते हैं।
पत्नी को स्टेशन छोड़ने गए, पीछे से चोरों ने बोला धावा
बुधवार सुबह करीब 3:35 बजे तहसीलदार घर में ताला लगाकर पत्नी को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने मेन गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और सभी कमरों की तलाशी ली।
चोरों ने अलमारी का लॉकर खोलकर करीब 70 हजार रुपये नकद, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पत्नी को ट्रेन में बैठाने के बाद तहसीलदार जब वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से कीमती सामान गायब था।
CCTV फुटेज खंगाल रही सिविल लाइन पुलिस
घटना की जानकारी तहसीलदार ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चोर गिरोह कॉलोनी में सूने मकानों की रेकी कर रहा था। तहसीलदार को घर में ताला लगाकर जाते हुए देखने के बाद चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
सूने मकानों को बना रहे निशाना
शहर में पिछले कुछ समय से ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनमें चोर कुछ समय के लिए खाली हुए मकानों को निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में गृहस्वामी एक से डेढ़ घंटे के लिए घर से बाहर गए और वापस लौटे तो चोरी हो चुकी थी।
तहसीलदार के घर हुई चोरी ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कॉलोनियों में निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

