भोपाल के होटल में तलवार-चाकू लेकर घुसे 15 बदमाश चार युवकों पर हमला
भोपाल के होटल में तलवार-चाकू लेकर घुसे 15 बदमाश चार युवकों पर हमला, शेफ और कर्मचारियों से भी मारपीट
भोपाल: मिसरोद थाना क्षेत्र के बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित जैन ब्रदर्स होटल में 4 जुलाई की रात 10 से 15 बदमाश तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट लेकर घुस आए। बदमाशों ने होटल में तोड़फोड़ करते हुए चार युवकों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे होटल के शेफ और अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा को AIIMS भोपाल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी एमएलसी बनाई गई है। मेडिकल दस्तावेज में 10-12 लोगों के समूह द्वारा हमले का उल्लेख है। घटना 4 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की बताई गई है। एक अन्य युवक भी घायल हुआ, जिसका उपचार कराया गया।
ड्यूटी से लौटते समय बदमाशों ने किया हमला
घायल लीलाधर ने बताया कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ मंडीदीप फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर राजपूत भवन के पास से पैदल जैन ब्रदर्स होटल खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लहराते हुए बाइक चला रहे कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के अंदर घुस गए। इसके कुछ ही मिनट बाद 10-15 बदमाश हथियार लेकर होटल में आ धमके और हमला शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने पहले होटल के अंदर हमला किया, फिर उसे घसीटकर बाहर ले गए और गर्दन समेत शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों पर धारदार हथियारों से कई वार किए। मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से गहरे घाव दर्ज हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि उसने बचाव नहीं किया होता तो उसकी जान जा सकती थी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में हथियार लेकर होटल में घुसते और युवकों पर हमला करते बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करेगी। पीड़ित ने फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। हालांकि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
अस्पताल पहुंची पुलिस, FIR का इंतजार
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घायलों के बयान दर्ज करने पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है। जांच और पीड़ितों के कथनों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल किसी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

