शिवराज सिंह चौहान की नई किताब ‘अपनापन’ 26 मई को होगी लॉन्च, पीएम मोदी के साथ 30 साल के अनुभवों को किया साझा

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नई पुस्तक ‘अपनापन’ 26 मई को लॉन्च होगी। किताब में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ तीन दशक के अनुभव, नेतृत्व, कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण की सोच को साझा किया गया है।

शिवराज सिंह चौहान की नई किताब ‘अपनापन’ 26 मई को होगी लॉन्च, पीएम मोदी के साथ 30 साल के अनुभवों को किया साझा

केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब लेखक के रूप में भी सामने आने जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तीन दशक से अधिक समय तक काम करने के अपने अनुभवों को अपनी नई पुस्तक ‘अपनापन’ में समेटा है। इस पुस्तक का विमोचन 26 मई को नई दिल्ली के पूसा परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

सिर्फ राजनीतिक संस्मरण नहीं, एक विचार यात्रा

शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक यह किताब केवल राजनीतिक संस्मरण नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यशैली, संगठन क्षमता और राष्ट्र निर्माण के विजन को करीब से देखने वाले सहयोगी की नजर से लिखा गया दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि दुनिया पीएम मोदी को एक निर्णायक नेता के रूप में जानती है, लेकिन उन्होंने उन्हें एक साधक और कर्मयोगी के रूप में महसूस किया है।

1991 की एकता यात्रा से शुरू होती है कहानी

‘अपनापन’ की शुरुआत 1991 की ऐतिहासिक एकता यात्रा से होती है। उस समय नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान संगठन में कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थे। शिवराज बताते हैं कि कई लोग उस यात्रा को केवल राजनीतिक कार्यक्रम मानते थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने उसे राष्ट्रीय चेतना के अभियान में बदल दिया था।

उनके अनुसार उस यात्रा का उद्देश्य सिर्फ श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना नहीं था, बल्कि युवाओं के भीतर राष्ट्र गौरव की भावना जगाना था। इसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि नेतृत्व केवल भाषण देने से नहीं आता, बल्कि तपस्या, अनुशासन, समर्पण और अपनेपन से विकसित होता है।

कोरोना संकट और मोदी की कार्यशैली का भी जिक्र

इस पुस्तक में कोरोना काल के दौरान संकट प्रबंधन को भी विस्तार से शामिल किया गया है। साथ ही पीएम मोदी के राजनीतिक व्यक्तित्व के अलावा उनके मानवीय पक्ष को भी उजागर करने की कोशिश की गई है।

शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और शासन मॉडल पर कई किताबें लिखी गईं, लेकिन ‘अपनापन’ की खासियत यह है कि इसे ऐसे नेता ने लिखा है, जिसने संगठन, सरकार और राजनीति के क्षेत्र में लंबे समय तक उनके साथ काम किया है।

सत्ता और संगठन की कार्य संस्कृति की झलक

प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में केवल घटनाओं का जिक्र नहीं है, बल्कि सत्ता और संगठन के भीतर की कार्य संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि यह पुस्तक सिर्फ प्रशंसा तक सीमित नहीं है, बल्कि विचार, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की उस भावना की कहानी है जिसने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी।