NSUI ने भोपाल में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ पोस्टर लगाकर किया विरोध प्रदर्शन
NSUI ने भोपाल में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ पोस्टर लगाकर किया विरोध प्रदर्शन
भोपाल: NSUI ने भोपाल में लगातार सामने आ रहे फर्जी अस्पतालों के मामलों को लेकर विरोध दर्ज कराया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पोस्टर अभियान चलाकर उन लोगों के खिलाफ आवाज बुलंद की है, जो कथित रूप से फर्जी अस्पतालों को संरक्षण दे रहे हैं।
NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने आरोप लगाया कि शहर में कई अस्पताल ऐसे संचालित हो रहे हैं, जिनके संचालक कागजों में डॉक्टर और स्टाफ दर्शाकर नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि इन मामलों को लेकर निरंतर शिकायतें एवं विरोध किए जाने के बावजूद सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे प्रतीत होता है कि राजधानी में फर्जी अस्पतालों का एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है।

इसी के विरोध में एनएसयूआई ने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, स्वास्थ्य संचालनालय, आयुष्मान कार्यालय एवं सीएमएचओ कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टरों में लिखा कि “भोपाल में फर्जी अस्पताल खोलने के लिए संपर्क करें – नट्टू शर्मा” “अस्पताल की फर्जी निरीक्षण रिपोर्ट बनाने के लिए संपर्क करें – टीम नटवरलाल (नट्टू शर्मा)”

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है। राजधानी भोपाल में ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों और छोटे शहरों से मरीज बड़ी उम्मीदों के साथ इलाज कराने आते हैं, लेकिन कथित फर्जी अस्पताल उन्हें केवल कमाई का साधन समझकर उनके जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। कई अस्पतालों में रजिस्टर्ड स्टाफ तक उपलब्ध नहीं है, फिर भी वे निर्बाध रूप से संचालित हो रहे हैं। रवि परमार ने मांग की कि सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा को तत्काल निलंबित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।

