मऊगंज में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 दूध विक्रेताओं के सैंपल जांच के लिए भेजे
मऊगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाकर तीन दूध विक्रेताओं से 6 सैंपल लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल लैब भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज: जिले में मिलावटी दूध की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत गुरुवार को नगर में फेरी लगाकर दूध बेचने वाले विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान तीन विक्रेताओं के दूध की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि विमल कुमार यादव, नागेंद्र लाल यादव और राजकुमार यादव से गाय, भैंस और मिश्रित दूध के कुल 6 नमूने लेकर उन्हें सील किया गया है। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। यदि जांच रिपोर्ट में दूध अमानक या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी दूध विक्रेताओं को एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य खाद्य पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने साफ किया है कि बिना पंजीयन दूध बेचते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि जिले में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Anubhav Dubey 
