सिंगरौली: बारिश में तालाब बनी ढेंकी गांव की सड़क, ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

सिंगरौली के ढेंकी गांव में बारिश के बाद मुख्य सड़क तालाब में बदल गई है। कीचड़ और जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर आगामी चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी है।

सिंगरौली: बारिश में तालाब बनी ढेंकी गांव की सड़क, ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

सिंगरौली: देवसर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढेंकी में बारिश के बाद गांव की मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है। कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर चलना भी जोखिम भरा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल यही स्थिति बनती है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। ग्रामीण रमेश शुक्ला का कहना है कि गांव के लोगों ने हर चुनाव में विकास की उम्मीद के साथ मतदान किया, लेकिन सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और नाली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में मतदान बहिष्कार जैसे कदम पर विचार किया जाएगा।