आम के लिए खूनी खेल: मऊगंज में युवक की मौत, मां-बेटे पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

लौर थाना क्षेत्र में पत्थर मारकर युवक को पेड़ से गिराया, अस्पताल ले जाने दौरान हुई मौत, परिजनों ने थाने में किया हंगामा

आम के लिए खूनी खेल: मऊगंज में युवक की मौत, मां-बेटे पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

जिले के लौर थाना क्षेत्र के पलिया दुवांन गांव में मंगलवार सुबह आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिसमें 37 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मां-बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पलिया दुवांन निवासी रामायण दुबे (37), पिता बाल्मीक प्रसाद दुबे, मंगलवार सुबह अपने बगीचे में आम के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी कीर्तिमान साकेत और उसके परिवार के साथ विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद नीचे से पत्थर फेंके गए, जिनमें से एक पत्थर रामायण दुबे के सिर पर लगा। संतुलन बिगड़ने से वह करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, गिरफ्तारी की मांग

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार रात करीब 8 बजे बड़ी संख्या में लोग शव लेकर लौर थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओपी सचि पाठक ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया।

दो आरोपी गिरफ्तार, पहले से चल रहा था विवाद

लौर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर कीर्तिमान साकेत (29), पिता चंद्रभान साकेत, तथा उनकी मां इन्द्रकली साकेत (49), पत्नी चंद्रभान साकेत, के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि पुलिस ने रात में ही दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच आम के पेड़ और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पंचायत स्तर पर कई बार समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के बीच यह घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।