सतना में बीच चौराहे गुंडागर्दी: चार युवकों पर चाकू-तलवार से हमला, आरोपी फरार
पुराने विवाद में चार युवकों को घेरा: बीच चौराहे पर चाकू और तलवार से हमला, कोटर थाना के गोरइया कस्बे की घटना
सतना। जिले में खाकी वर्दी का इकबाल लगातार कम होता जा रहा है। खाकी से बेखौफ गलीछाप गुंंडे खुलेआम गुंडागर्दी कर दहशत फैला रहे हैं। घटना कोटर थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां पर आदतन बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू और तलवार से हमला कर चार युवकों को घायल कर दिया।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि कोटर थानान्तर्गत गोरइया कस्बे में हिस्ट्रीशीटर विनय पाल ने पुराने विवाद के चलते शैलेन्द्र और उनके साथियों को रोक लिया। शैलेन्द्र और उसके साथियों पर चाकू और तलवार से हमला किया गया।

हमले में शैलेन्द्र सिंह, धीरज सिंह दोनों निवासी बरदाडीह और संदीप सिंह और रजनीश सिंह दोनों निवासी इटौर घायल हो गए। चारों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायलों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर विनय पाल अपने भाई पंकज पाल और साथी रामू, भुल्लन, बालगोविंद और अन्य के साथ मिलकर रास्ता रोक कर कातिलाना हमला किया।

पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को घायल शैलेन्द्र के रिश्तेदार का विवाद विनय से हुआ था। इस मामले में शैलेन्द्र एफआईआर दर्ज कराने अपने रिश्तेदार के साथ थाना गया था। इसी बात पर विनय और उसके साथी शैलेन्द्र को लगातार धमकी दे रहे थे।

पिछले दिनों चार पहिया वाहन को रोक कर हाथापाई की गई थी, लेकिन इसकी शिकायत थाने में नहीं की गई थी। कोटर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
