सतना में लापता युवक का कुएं में मिला शव: बायपास पर लावारिस मिली बाइक, जांच में जुटी पुलिस

 रात 1.30 बजे दोस्तों के साथ देखा गया था प्रियांशु, सुबह कुएं में मिला शव; मौत की वजह तलाश रही पुलिस

सतना में लापता युवक का कुएं में मिला शव: बायपास पर लावारिस मिली बाइक, जांच में जुटी पुलिस

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गुरुवार रात से लापता युवक का शव संगम बेला के पीछे एक कुएं में मिला। मृतक की पहचान जमुना कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला निवासी प्रियांशु शर्मा के रूप में हुई है। वह रोहित सर्किट हाउस के पास स्थित जियो नमक दुकान में काम करता था।

इस संबंध में पुलिस के मुताबिक प्रियांशु गुरुवार शाम से लापता था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह मैहर बायपास स्थित उषा पैलेस के पास उसकी बाइक लावारिश हालत में मिली। बाइक मिलने के बाद परिजनों और परिचितों ने आसपास के इलाके में तलाश तेज की। इसी दौरान संगम बेला के पीछे कुएं में उसका शव मिला।

रात में दोस्तों के साथ था, फिर कहां गया?

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक प्रियांशु को रात करीब 1.30 बजे रिंकू और अभय के साथ देखा गया था। इसके बाद वह दोनों से अलग हुआ या उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बाइक का घटना स्थल से अलग स्थान पर मिलना भी पुलिस की जांच का अहम बिंदु है।

सूचना पर कोलगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास के लोगों और प्रियांशु के परिचितों से पूछताछ कर रही है। मोबाइल फोन और रात के दौरान उसकी गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

6 साल पहले पिता की भी हुई थी हत्या

प्रियांशु के पिता की करीब 6 साल पहले रेलवे कॉलोनी में सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में प्रियांशु की संदिग्ध मौत ने पुराने मामले की यादें भी ताजा कर दी हैं। हालांकि पुलिस ने अभी दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।