IDA की फर्जी NOC बनाकर नक्शा पास कराने की साजिश का खुलासा, तुकोगंज पुलिस ने 3 आरोपी किए अरेस्ट

फर्जी दस्तावेजों से आवासीय नक्शा मंजूर कराने की साजिश का खुलासा, IDA NOC फर्जीवाड़े में तुकोगंज पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार, 

IDA की फर्जी NOC बनाकर नक्शा पास कराने की साजिश का खुलासा, तुकोगंज पुलिस ने 3 आरोपी किए अरेस्ट

इंदौर में इंदौर विकास प्राधिकरण यानी आईडीए के नाम से फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी तैयार कर नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय से आवासीय नक्शा पास कराने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

फर्जी दस्तावेज तैयार कर नक्शा पास कराने की कोशिश

तुकोगंज पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी पूर्वक नक्शा स्वीकृत कराने का प्रयास किया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

दरअसल यह मामला इंदौर विकास प्राधिकरण की योजना क्रमांक 97/4, ग्राम हुक्माखेड़ी की भूमि से जुड़ा है। जहां आईडीए के भू-अर्जन अधिकारी की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तुकोगंज पुलिस ने कार्रवाई कर तीन आरोपी किए गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आईडीए अधिकारी के नाम से फर्जी एनओसी तैयार की और उसे नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय, इंदौर में प्रस्तुत कर संबंधित भूमि का आवासीय नक्शा पास कराने का प्रयास किया। जिसमें तुकोगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सानिया शेख, राजा सिंह और पंकज व्यास को गिरफ्तार कर लिया है।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।