इंदौर : 18.51 ग्राम MD ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार, कुल 2.80 लाख का माल जब्त

इंदौर क्राइम ब्रांच टीम की बड़ी कार्रवाई। 18.51 ग्राम अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार। आरोपी के पास से कुल 2 लाख 80 हजार का माल जब्त।

इंदौर : 18.51 ग्राम MD ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार, कुल 2.80 लाख का माल जब्त

इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 18.51 ग्राम एमडी बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई शांति पथ चौक, इको पार्क के पास शिवालय मेन रोड क्षेत्र में की गई। क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्ध लोगों की तलाश में इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोका और पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद अफजल, निवासी मल्हारगंज, इंदौर बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 18.51 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। इसके साथ ही एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया। जब्त माल की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को ज्यादा दामों पर बेचता था। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और क्राइम ब्रांच आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे का सामान कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।